मुख्यमंत्री श्री साय ने राष्ट्रपति रोवर रेंजर पुरस्कार से सम्मानित युवाओं से की मुलाकात

रायपुर. मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राष्ट्रपति रोवर रेंजर अवार्ड से सम्मानित दो युवा प्रतिभाओं, देवाशीष मखीजा और मनतृप्त कौर संधू से उनके निवास पर शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने दोनों को उनकी विशेष उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएँ दीं।श्री साय ने दोनों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने 22 जुलाई को नई दिल्ली के राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में छत्तीसगढ़ के रोवर देवाशीष मखीजा और रेंजर मनतृप्त कौर संधू के साथ-साथ गाइड कुसुम सिन्हा को भी अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया था। देवाशीष ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह प्रतिष्ठित पुरस्कार पूरे देश से चार साल के अंतराल में चुने गए केवल 16 प्रतिभागियों को दिया जाता है, और यह गर्व की बात है कि इस बार छत्तीसगढ़ से तीन युवाओं को यह सम्मान मिला। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें पूर्व में तत्कालीन राज्यपाल श्रीमती अनुसुइया उइके द्वारा भी राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री अमरजीत सिंह छाबड़ा और मनतृप्त कौर के पिता श्री गुरजीत सिंह संधू भी उपस्थित थे।